बिसवां,सीतापुर(संवाददाता): कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत मोहल्ला बदाल पुरवा में स्थित एक बंद मकान से नकदी और जेवरात चोरी होने का मामला सामने आया है। रविवार सुबह मुख्य गेट का ताला टूटा मिलने पर घटना की जानकारी हुई।
मकान मालिक आदिल इकबाल वर्तमान में लखनऊ में निवास करते हैं, जिसके कारण बिसवां स्थित उनका आवास बंद था। रविवार को उनके चचेरे भाई जब मकान पर पहुंचे, तो उन्होंने मुख्य द्वार का ताला टूटा देखा। इसके बाद उन्होंने गृहस्वामी को घटना की सूचना दी। गृहस्वामी के मौके पर पहुंचने और जांच करने पर पता चला कि कमरे का सामान बिखरा हुआ था तथा अलमारी से लगभग एक लाख रुपये नकद और सोने-चांदी के आभूषण गायब थे।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर मुआयना किया। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटना के संदर्भ में आवश्यक साक्ष्य जुटा रही है और मामले की जांच जारी है।

0 टिप्पणियाँ